हल्द्वानी: गौलापार खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की सीएम धामी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
देहरादून/हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड के पहले क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (नैनीताल) के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में खेल विभाग के अधिकारियों ने विश्वविद्यालय परिसर में विकसित की जा रही खेल अवसंरचना, शैक्षणिक भवनों, छात्रावासों, प्रशिक्षण सुविधाओं, खेल विज्ञान केंद्र, अनुसंधान केंद्र और अन्य निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेल उत्कृष्टता का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि खेल विश्वविद्यालय का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए, ताकि यहां खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान, इंडोर और आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स साइंस एवं मेडिसिन सेंटर, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर, खेल प्रबंधन और अनुसंधान सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। साथ ही जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना और खेलों को शिक्षा, कौशल एवं रोजगार से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना की नियमित समीक्षा करने, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
उत्तराखंड: धामी कैबिनेट में 15 बड़े फैसलों पर लगी मुहर,…किसानों, कर्मचारियों और युवाओं को मिली बड़ी सौगात
उत्तराखंड कैबिनेट की अहम बैठक आज, कर्मचारियों से लेकर जनहित के कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर