हल्द्वानी में खड़गे की रैली से पहले सियासी संग्राम, बसें रोके जाने पर SSP कार्यालय में धरने पर बैठे कांग्रेस नेता

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आज होने वाली रैली से पहले हल्द्वानी में कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच विवाद खड़ा हो गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं की बसों को जगह-जगह रोककर चेकिंग की जा रही है और उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कई विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। यहां कांग्रेस नेताओं ने धरना देते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी: गौलापार खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की सीएम धामी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि रैली में शामिल होने के लिए आ रही बसों को पुलिस द्वारा रोका जा रहा है। नेताओं ने इसे राजनीतिक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को प्रभावित करने की कोशिश बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी मंजूनाथ टीसी पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के कारण रैली में आने वाले कार्यकर्ताओं और समर्थकों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली में शामिल होना कार्यकर्ताओं का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने बसों को तत्काल रवाना करने और कार्यकर्ताओं को बिना अनावश्यक रोक-टोक के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने देने की मांग की।

काफी देर तक चले हंगामे के बाद एसपी क्राइम जगदीश चंद्र मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से बातचीत की। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए आश्वासन दिया कि रैली में आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाएगा।

एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं के धरने और पुलिस के साथ हुए विवाद के बाद हल्द्वानी में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। अब रैली के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के साथ-साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाजाही को लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी नजर बनी हुई है।