हल्द्वानी में करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़: ज्यादा ब्याज का लालच देकर निवेशकों से वसूले लाखों, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। अधिक ब्याज और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि जनपद में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2017 में अभियुक्तों ने “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नाम से एक संस्था खोलकर हल्द्वानी और रामनगर में कार्यालय स्थापित किए। अभियुक्तों ने उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का दावा करते हुए अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत कई जिलों के हजारों लोगों से भारी धनराशि निवेश के नाम पर जमा कराई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि एकत्र कर उसका गबन कर लिया और दोनों शाखाएं बंद कर फरार हो गए। जांच के दौरान अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई।
न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम ने दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ सहित कई स्थानों पर दबिश दी। अंततः 4 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हेमचंद पंत (45 वर्ष) निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी तथा विकास दुर्गापाल (41 वर्ष) निवासी देहरिया, हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हेमचंद पंत के खातों में करीब 2 करोड़ 26 लाख रुपये और विकास दुर्गापाल के खातों में लगभग 4 करोड़ 58 लाख रुपये के लेन-देन का पता चला है।
पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अन्य थानों में भी ठगी और धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन न लगाएं और निवेश से पहले संबंधित संस्था के पंजीकरण व वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल