हल्द्वानी: यहां NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, कमरे में फंदे से लटका मिला शव,….डायरी की एक लाइन ने बढ़ाया रहस्य
हल्द्वानी। शहर से एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रही मध्य प्रदेश की 19 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में अपने पीजी के कमरे में मृत मिली। छात्रा का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद के मानीपुरा कोलारस निवासी अंजलि जाटव (19) ने हाल ही में हल्द्वानी के एक निजी कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था। वह मुखानी क्षेत्र स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास एक पीजी में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह अभी डेमो कक्षाएं ले रही थी और 29 जून से उसकी नियमित पढ़ाई शुरू होने वाली थी।
मंगलवार देर रात एक युवक ने अंजलि की सहेली को फोन कर बताया कि उसका फोन लगातार बंद आ रहा है और वह कॉल रिसीव नहीं कर रही है। इसके बाद पीजी संचालक, पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। जब कमरे की जांच की गई तो अंजलि दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली। खिड़की की जाली काटकर उसे नीचे उतारा गया और तत्काल सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डायरी की एक लाइन ने बढ़ाया रहस्य
घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन एक निजी डायरी बरामद हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार डायरी में लिखा मिला कि “एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ूंगी।” इस एक लाइन ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
बेटे ने यहीं से पास किया था NEET, इसलिए बेटी को भी भेजा था हल्द्वानी
मृतका के पिता रघुवीर जाटव ने अपने बेटे को भी पहले नीट की तैयारी के लिए हल्द्वानी भेजा था। बेटे ने यहां से तैयारी कर सफलता हासिल की और वर्तमान में भोपाल स्थित एम्स में अध्ययनरत है। इसी विश्वास के साथ उन्होंने अपनी बेटी को भी करीब 563 किलोमीटर दूर हल्द्वानी भेजा था, लेकिन यह फैसला परिवार के लिए दर्दनाक साबित हुआ।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल्स और इंटरनेट सर्च हिस्ट्री की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आखिरी बार संपर्क करने वाले युवक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
घटना के बाद छात्रा के परिजन हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए हैं। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।


उत्तराखंड: यहां कांग्रेसी-भाजपाई आमने-सामने, विधायक बोले- “पुतला क्या जलाते हो, मुझे जलाओ”
दर्दनाक हादसे में दादा-दादी के साथ 5 वर्षीय पोते की भी मौत, परिवार में मचा कोहराम
आज का राशिफल (24 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!