हल्द्वानी: आयुक्त दीपक रावत ने जनसुनवाई में सुनीं लोगों की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश
हल्द्वानी। शनिवार को आयुक्त/सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कुमाऊं मंडल मुख्यालय में जनसुनवाई के दौरान अंतिम पंक्ति में खड़े आम लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जमीन विवाद, पारिवारिक झगड़े, अतिक्रमण, विद्युत पोल शिफ्ट कराने, पैतृक संपत्ति में नाम दर्ज कराने जैसे मामलों के साथ अन्य सामाजिक व प्रशासनिक समस्याएं सामने आईं।

इस दौरान वर्षाकाल में बढ़ते सर्पदंश के मामलों को देखते हुए आयुक्त ने सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी को तलब किया। डॉ. जोशी ने बताया कि अस्पताल में रोजाना दो से तीन सर्पदंश के मामले आते हैं, जिनका बेहतर इलाज किया जा रहा है। साथ ही, अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम वैक्सीन उपलब्ध है।
आयुक्त ने लोगों से अपील की कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या पारंपरिक उपायों की बजाय तुरंत अस्पताल जाकर इलाज कराएं। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में पूरी व्यवस्था है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

जनसुनवाई में ढोलक बस्ती निवासी एक मानसिक रूप से बीमार महिला ‘ताजो’ के इलाज के मामले में भी तत्काल निर्देश दिए गए। आयुक्त के आदेश पर डॉ. जोशी ने बताया कि चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से महिला का निशुल्क इलाज कराया जाएगा।
सुभाष नगर की हरप्रीत कौर ने बताया कि उनके पति एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में उन्हें यूके से पेंशन मिलती है, जो चेक द्वारा आती है। लेकिन पिछले छह माह के चेक पोस्ट ऑफिस की लापरवाही के चलते समय पर नहीं मिल पाए। इस पर आयुक्त ने संबंधित पोस्टमास्टर और पोस्टमैन को तलब किया और नया पता अपडेट कर चेक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
द्वाराहाट निवासी मानसी ने शिकायत की कि उन्होंने एक निजी कॉलेज में मैनेजमेंट कोर्स के लिए 31 हजार रुपये जमा किए थे, लेकिन सरकारी कॉलेज में चयन हो जाने के बाद फीस वापस नहीं की गई। सिर्फ 50% राशि लौटाई गई। इस पर आयुक्त ने कॉलेज प्रबंधन को तत्काल पूरी राशि लौटाने के निर्देश दिए।
अन्य मामलों में घनश्याम अग्रवाल ने धोखे से ली गई राशि वापस दिलाने, संध्या (काठगोदाम) ने ओटीपी फ्रॉड से खाते से निकाली गई राशि लौटाने और मल्ला गोरखपुर निवासी मायादेवी ने भवन की सील हटाने की मांग की। इन सभी शिकायतों पर भी आयुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत जनसुनवाई लगातार आयोजित की जा रही हैं ताकि आम जनता को न्याय मिल सके। उन्होंने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भी नियमित रूप से जनसुनवाई कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार