हल्द्वानी: गर्दन की मालिश के दौरान बिगड़ी महिला की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। दमुवादूंगा क्षेत्र में गर्दन की मालिश कराने गई महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान पर मालिश के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवादूंगा क्षेत्र में परिवार के साथ रहते हैं और निजी नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी पिछले करीब चार-पांच माह से गर्दन के दर्द से परेशान थीं। उनका सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार भी चल रहा था।

रामचंद्र के मुताबिक, शनिवार को लोगों की सलाह पर वह मीनाक्षी को गर्दन की मालिश कराने के लिए कालाढूंगी रोड स्थित एक पहलवान के पास लेकर गए थे। परिजनों का आरोप है कि मालिश के दौरान पहलवान ने मीनाक्षी की गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेसुध हो गईं।
परिजन आनन-फानन में मीनाक्षी को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो छोटे बच्चों को छोड़ गईं मीनाक्षी
मीनाक्षी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार महिला की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और चिकित्सकीय जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल परिजनों की ओर से लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  गांधी-शास्त्री जयंती पर बिंदुखत्ता में आंदोलन का शंखनाद, राजस्व गांव और गौला नदी के स्थायी तटबंध की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू
Ad Ad Ad Ad