हल्द्वानी: KVM स्कूल में भीषण आग! परिसर में खड़ी दो बसें और जनरेटर जलकर खाक, मची अफरा-तफरी
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित मुखानी क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब केवीएम स्कूल परिसर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और स्कूल भवन के एक हिस्से सहित परिसर में खड़ी दो बसें तथा जनरेटर इसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब सात बजे की है। बताया जा रहा है कि स्कूल की एक बस बाहर से लौटकर परिसर में पहुंची थी। चालक ने जैसे ही बस को पार्क किया, उसमें अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने दूसरी बस और आसपास के हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल में अवकाश होने के कारण कोई छात्र या कर्मचारी परिसर में मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग की लपटों से स्कूल परिसर में खड़ी दोनों बसें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जबकि जनरेटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्कूल भवन को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान हो सकता था।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: इस जिले में भी कल स्कूलों की छुट्टी का आ गया आदेश
उत्तराखंड: कल इस जनपद के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश
उत्तराखंड: तहसील से खाली हाथ लौटी विजिलेंस, 20 घंटे बाद वरिष्ठ सहायक और संग्रह अमीन को छोड़ा; जांच अब भी जारी
(बड़ी खबर)–बदरीनाथ चढ़ावा चोरी कांड में खुलासा! आरोपी के सरकारी कमरे से मिला मंदिर का खजाना