बिन्दुखत्ता निवासी युवक की रहस्यमयी मौत, बहन के घर गया था मिलने, जंगल के गधेरे में मिला शव
हल्द्वानी। बिन्दुखत्ता क्षेत्र के 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक अपनी बहन के घर हल्द्वानी के दमुवाढूंगा गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद काठगोदाम थाना क्षेत्र के ओखलढुंगा इलाके में जंगल किनारे गधेरे से उसका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान प्रवीण आर्य पुत्र निवासी लालकुआं बिन्दुखत्ता के रूप में हुई है। बताया गया कि प्रवीण रुद्रपुर में रेल विभाग में तैनात था और तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था। करीब एक सप्ताह पहले वह अपनी बहन के घर दमुवाढूंगा आया था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह बाइक लेकर घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आशंका जताते हुए काठगोदाम थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई।
पुलिस द्वारा जांच के दौरान काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग पर युवक की बाइक और जैकेट बरामद हुई। इसके बाद सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल के गधेरे में युवक का शव मिला। शव के पास से गेहूं में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक सल्फास के चार खाली पाउच और एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी बरामद की गई है।
काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। युवक की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


आज का राशिफल (10 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड Weather Alert: आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 2 जिलों में घना कोहरा, IMD ने जारी किया अपडेट
आज का राशिफल (09 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
ऊधमसिंह नगर: जिले में निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के बम्पर तबादले, देखें लिस्ट….