रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में 2 दिसंबर की सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट… बनभूलपुरा में भारी सुरक्षा, फ्लैग मार्च कर दिया सख्त संदेश

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी/नैनीताल। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले की 2 दिसंबर 2025 को होने वाली सुनवाई और संभावित निर्णय को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। जिला पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए रविवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर शांति और सुरक्षा का संदेश दिया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी गई है। इसी के तहत 1 दिसंबर 2025 को एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने पुलिस बल को पूरी तरह ब्रीफ किया। इसके बाद अत्याधुनिक हथियारों, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और लाठी-दंडों से लैस पुलिस टीम के साथ बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।

फ्लैग मार्च रेलवे स्टेशन, गफूर बस्ती, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, इन्द्रानगर छोटी रोड, लाइन नंबर 16, बिलाली मस्जिद, लाइन नंबर 08 से होते हुए चोरगलिया रोड और थाना बनभूलपुरा तक निकाला गया। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से RPF टीम भी इस दौरान पुलिस के साथ मौजूद रही।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश

फ्लैग मार्च में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील जोशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

नैनीताल पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का जो भी फैसला आए, उसे शांति और संयम के साथ स्वीकार करें।
साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने, अफवाह न फैलाने, उकसाऊ बयानबाजी और किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad