रात के सन्नाटे में भड़की आग, दो मंजिला मकान धू-धू कर जला… ढाई माह की मासूम की दर्दनाक मौत

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तरकाशी। जिले के बड़कोट क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक दो मंजिला आवासीय मकान में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में ढाई माह की मासूम बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि मकान में रखा सारा घरेलू सामान और भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया।


जानकारी के अनुसार, बड़कोट क्षेत्र के कोटि गगटाड़ी निवासी शैलेन्द्र चौहान का लसरी नामे तोक में दो मंजिला आवासीय मकान और छानी है। इसी मकान में नेपाली मूल का मन बहादुर भी अपने परिवार के साथ रहकर कार्य करता था। रविवार देर शाम अचानक मकान में आग भड़क उठी।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि मकान के भीतर मौजूद लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन मन बहादुर की ढाई माह की मासूम बच्ची आग की चपेट में आ गई, जिसे बचाया नहीं जा सका। आग में झुलसने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (07 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!


सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नायब तहसीलदार खजान असवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन


स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन न होने के कारण इस तरह की घटनाओं में नुकसान अधिक हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।