बड़ी खबर ! उत्तराखंड में 2,100 सहायक अध्यापक पदों पर जल्द भर्ती, शिक्षा मंत्री ने दिए आदेश
देहरादून। उत्तराखंड के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 2,100 सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस संबंध में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे दिए हैं, जबकि प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने भी भर्ती की औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कुल 2,100 पदों में से 1,649 पदों पर फिलहाल भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जबकि 451 पद हाईकोर्ट में लंबित हैं। चूंकि प्राथमिक शिक्षकों के पद जिला कैडर के तहत आते हैं, इसलिए भर्ती जिलेवार विज्ञप्तियों के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए संबंधित जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) विज्ञापन जारी करेंगे।
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि पिछले दो वर्षों में 3,000 से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है, लेकिन कुछ अभ्यर्थियों द्वारा एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को शामिल किए जाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट जाने से प्रक्रिया प्रभावित हुई थी। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राज्य सरकार ने बेसिक शिक्षक सेवा नियमावली में संशोधन कर दिया है।
इस संशोधन के तहत साल 2017 से 2019 के एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षु भी अब भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। साथ ही, सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों को भी नियमावली में जोड़ा गया है।
मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने के बाद प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित हो जाएगी। इससे न केवल शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिन्दुखत्ता राजस्व ग्राम की अधिसूचना: सवा दो साल का इंतजार, 22वें दिन की पदयात्रा में आर-पार की तैयारी
बिन्दुखत्ता: गौला नदी के कटाव से किसानों की जमीन नदी में समाई, चार मकान खतरे में; ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन,…VIDEO
हल्द्वानी में किशोरी से दोस्ती, शादी का भरोसा और फिर दो साल तक दुष्कर्म का आरोप; मेरठ के युवक पर POCSO में केस
आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश