भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी: नैनीताल समेत 10 जिलों में कल नहीं खुलेंगे स्कूल
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश और बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। शुक्रवार सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय जनपदों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी झमाझम बारिश हो रही है, जबकि ऊंची चोटियों पर जमकर बर्फबारी दर्ज की जा रही है। बदलते मौसम के चलते ठंड में एक बार फिर इजाफा हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने खराब मौसम को देखते हुए 24 जनवरी (शनिवार) को भी प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा लगातार अवकाश घोषित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब तक प्रदेश के 10 जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 24 जनवरी को एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र जिन जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं, उनमें नैनीताल, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, बागेश्वर और उधम सिंह नगर शामिल हैं।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम की गंभीरता को देखते हुए बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें। वहीं जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है, ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


हल्द्वानी: युवती का पीछा कर जबरन शादी का दबाव, इनकार पर पत्थर से हमला, आरोपी पर केस दर्ज
आज का राशिफल (08 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!