कुमाऊं में जमीन घोटालों पर बड़ा एक्शन! एक ही प्लॉट की कई बार रजिस्ट्री, 30 मामलों में मुकदमे की संस्तुति
हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल में बढ़ते भूमि घोटालों और जमीनों की खरीद-बिक्री में हो रही धोखाधड़ी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक में भूमि फर्जीवाड़े के 77 मामलों की समीक्षा की गई। जांच के बाद नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जनपद के 30 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।
बैठक में सामने आए मामलों ने सभी को चौंका दिया।
हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में एक ही प्लॉट की पांच बार रजिस्ट्री कर अलग-अलग लोगों को बेचने का मामला उजागर हुआ है। इस फर्जीवाड़े का शिकार सेना से सेवानिवृत्त एक पूर्व सैनिक भी हुआ। वहीं काशीपुर में एक ही भूखंड की चार बार रजिस्ट्री कर लोगों को ठगे जाने का मामला सामने आया है। रुद्रपुर में भूमाफियाओं द्वारा करीब तीन बीघा नजूल भूमि की अवैध प्लाटिंग कर बिक्री करने की जानकारी भी बैठक में रखी गई।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्पष्ट कहा कि एक ही संपत्ति की बार-बार रजिस्ट्री जैसे मामलों में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने रजिस्ट्रार, उप निबंधक, पटवारी और राजस्व कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना भौतिक सत्यापन और स्थलीय निरीक्षण के दाखिल-खारिज जैसी कार्रवाई गंभीर लापरवाही मानी जाएगी।
बैठक में रानीखेत का एक मामला भी चर्चा में रहा, जहां दिल्ली के छह लोगों से जमीन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लेने के बाद उन्हें दूसरी भूमि दिखाने का आरोप लगाया गया। समिति ने इस मामले की भी जांच तेज करने के निर्देश दिए।
सबसे हैरान करने वाला मामला हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र से सामने आया, जहां भूमाफियाओं और एक बैंक के अधिकारियों की कथित मिलीभगत से एक पूर्व सैनिक के मकान पर 75 लाख रुपये का ऋण ले लिया गया। पीड़ित परिवार को तब जानकारी हुई जब ऋण अदायगी का नोटिस उनके घर पहुंचा। अब परिवार का मकान नीलामी के खतरे का सामना कर रहा है।
बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


सावधान! वाहन से नैनीताल घूमने जा रहे हैं? पहले जान लें ये नया नियम, वरना हो सकती है बड़ी कार्रवाई
उत्तराखंड: मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर सख्त हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, डीएम को दिए फील्ड में रहने और सुनवाई तेज करने के निर्देश
खटीमा: मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, दिव्यांगों-वरिष्ठ नागरिकों को बांटे सहायक उपकरण; महिला समूहों को दी बड़ी सौगात
देशभर में बड़ा बदलाव! गैस, बैंक, रेलवे, ITR… आज से सब कुछ बदल गया, तुरंत जानिए नए नियम