उत्तराखंड: प्रेम विवाह से खफा भाई ने गर्भवती बहन को मारी गोली, मचा हड़कंप
काशीपुर। प्रेम विवाह से नाराज बड़े भाई ने सात माह से गर्भवती अपनी छोटी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से गांव में खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची बाजपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई फरार हो गया।
बाजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महुआडाली में मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे सोनम उम्र 21 वर्ष पत्नी पवन पाल की उसके बड़े भाई राजीव निवासी राज कॉलोनी जगतपुर ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर एसपी अभय प्रताप सिंह, बाजपुर कोतवाली प्रभारी नरेश चौहान, एसएसआई विनोद सिंह फर्त्याल, एसआई कैलाश चंद्र नगरकोटी, कोतवाली बाजपुर व सुल्तानपुर पट्टी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने खेत से खून से लथपथ युवती का शव बरामद किया।
पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया यह बात सामने आई है कि करीब एक वर्ष पहले सोनम ने गांव के ही निजी वाहन चालक पवन पुत्र भीमसेन से प्रेम विवाह किया था। इससे उसका भाई राजीव खुश नहीं था। बताया जाता है कि इसी बात से नाराज राजीव ने गोली मारकर बहन की हत्या कर दी। सोनम की छाती में गोली मारी गई है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस से आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि एक साल से आरोपी का सोनम के ससुराल वालों से कोई बोलचाल नहीं थी।
मासूम निशा ने बताया कि जब मामी का भाई तमंचा लेकर उनके सामने खड़ा हुआ तो मामी हाथ जोड़कर उससे माफी मांगते हुए गिड़गिड़ा रही थीं। वह बोली, भाई मुझे छोड़ दे, मेरे बच्चे पर रहम खा, लेकिन भाई ने एक नहीं सुनी और उनके सीने पर गोली चला दी।
एसपी अभय सिंह ने बताया कि हत्यारोपी राजीव की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है, जो उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: तीनपानी फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, एक युवक की मौत; दो गंभीर, कार के उड़े परखच्चे
आज का राशिफल (23 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: नोटिस के बाद भी नहीं हटाया अतिक्रमण तो गरजा प्रशासन का बुलडोजर, 30 निर्माणों पर चला एक्शन