उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने 215 नवनियुक्त पुलिस अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में 215 नवनियुक्त पुलिस अधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 104 उप-निरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) और 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी शामिल हैं।

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा उत्तीर्ण करना सेवा की शुरुआत है, जबकि असली जिम्मेदारी अब शुरू होती है। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सेवाओं में इन अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा राज्य है और यहां चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं, जिससे पुलिस बल की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान, साइबर अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्मार्ट पुलिस’ विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है, ताकि बदलती चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे निष्पक्ष और ईमानदार भर्तियां संभव हो सकी हैं। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करेंगे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
Ad Ad Ad Ad