उत्तराखंड: यहां सिविल अस्पताल में विजिलेंस का छापा, डॉक्टर 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में स्थित रुड़की सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की साख उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शनिवार देर रात हुई इस कार्रवाई में सिविल अस्पताल में तैनात डॉक्टर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार आरोपी डॉक्टर ने करीब 20 दिन पहले ही रुड़की के सिविल अस्पताल में ज्वॉइन किया था। इससे पहले वह मसूरी में तैनात था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर द्वारा रिश्वत मांगने से परेशान एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की थी। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।
तय रकम लेते ही विजिलेंस टीम ने डॉक्टर को सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में मौके पर ही धर दबोचा। इस कार्रवाई से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों और मरीजों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
विजिलेंस टीम ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी डॉक्टर पहले भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है या नहीं।
घटना के बाद रुड़की सिविल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं विजिलेंस विभाग ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल