उत्तराखंड: यहां हेलीकॉप्टर के इंतजार में खेत में जन्में बच्चे की मौत। महिला की हालात नाजुक

ख़बर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से पहाड़ों की हकीकत बयां करने वाली दुखद खबर सामने आ रही है, जहां एक गर्ववती महिला को प्रसव पीड़ा होने के बाद कुछ ग्रामीणों ने उसे खेत तक पहुंचाया, जहां हेलीकॉप्टर के इंतजार में महिला ने पहले ही मृतक बच्चे को जन्म दे दिया। हालांकि बाद में हेलीकाॅटर से महिला को अस्पताल तक पहुंचाया गया।

यह मामला पिथौरागढ़ के मुनस्यारी ब्लॉक के पातों गांव निवासी लक्ष्मी देवी (25) पत्नी श्याम सिंह दरियाल को शनिवार को अचानक प्रसव पीड़ा हुई। इस पर लोगों ने विधायक को फोन पर मामले की जानकारी दी। विधायक हरीश धामी ने प्रशासन को फोन किया जिसके बाद हेलिकॉप्टर को पातों गांव भेजा गया। हेली सेवा के इंतजार में महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। इस दौरान महिला ने खेत में बच्चे को जन्म दे दिया। वहां मौजूद आशा कार्यकर्ता खीला देवी ने बताया कि गर्भ में बच्चा उल्टा फंस गया था जिसे बड़ी मुश्किल से निकाला गया। करीब दो घंटे बाद हेलिकॉप्टर मेडिकल टीम के साथ मौके पर पहुंचा। जांच के बाद टीम ने मौके पर नवजात को मृत करार दे दिया।
फिर हेली से महिला को पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। महिला की हालत में अब सुधार है। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया का कहना है कि अगर हेली सेवा समय से मिल जाती तो नवजात को बचाया जा सकता था।