लालकुआं-हल्द्वानी में दीपावली से पहले मिठाई कारोबारियों पर कार्रवाई, फंगस मिली काजू कतली का सैंपल भेजा लैब
हल्द्वानी/लालकुआं। दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिठाइयों की जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर लालकुआं और हल्द्वानी में संयुक्त जांच की गई।
इस दौरान मिठाइयों के कुल चार नमूने भरे गए, जबकि 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सबसे बड़ी कार्रवाई हल्द्वानी में हुई, जहां एक मशहूर कंपनी की काजू कतली में फंगस की शिकायत सामने आने पर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसी बैच नंबर की काजू कतली का नमूना संग्रहित किया।
सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला रुद्रपुर भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियम अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान टीम में उपायुक्त (कुमाऊं मंडल) खाद्य संरक्षण राजेंद्र सिंह कठायत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नैनीताल अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी अभय कुमार सिंह, और खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंदकिशोर शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मिलावट या गुणवत्ता से संबंधित शिकायत पर तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि दीपावली पर जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित मिठाई मिल सके।


खौड़ में ग्रामोत्थान शिविर: मंत्री जोराराम कुमावत बोले— गांव के विकास में धन की कमी नहीं आने दूंगा
उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज