पूर्व मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने विधायक पर लगाया लोगों को गुमराह करने का आरोप

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने आज यहां नगर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि बीते दिनों विधायक द्वारा प्रेस वार्ता के माध्यम से गिनाई गई उपलब्धियां सिर्फ झूठ का पुलिंदा मात्र है। उन्होंने कहा कि विधायक ने 5 वर्ष में विधानसभा में ऐसा कुछ भी नया नहीं किया जिसे उनकी कोई उपलब्धि माना जाए। उन्होंने विधायक नवीन दुमका द्वारा बिंदुखत्ता को राजस्व गांव जैसी सुविधाएं देने की बात को बेहद हास्यास्पद करार दिया।

उन्होंने कहा कि विधायक जिन विकास कार्यों की बात कर रहे हैं। वह सब कांग्रेस के कार्यकाल की देन है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में ही बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण सड़क शिक्षा सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानें सरकारी क्रय केंद्र स्वास्थ्य सुविधाएं जैसी तमाम सुविधाएं दी गई तो फिर आखिर विधायक ने कौन सा ऐसा कुछ नया काम कर दिया जिसे वह अपनी उपलब्धि बता रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा अंतर्गत सड़कों का बुरा हाल है आंतरिक मार्गों की बदहाली दिखाई दे रही है तो हाईवे में भी जगह-जगह गड्ढे और धूल का उड़ता हुआ गुबार दिखाई देता है। बिजली के क्षेत्र में भी कांग्रेस सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए।

कांग्रेस ने जब बिंदुखत्ता वासियों को नगर पालिका देने की कोशिश की तो भाजपा ने लोगों को गुमराह कर नगरपालिका का विरोध करवाया तथा राजस्व गांव बनाए जाने का भरोसा दिया लेकिन आज डबल इंजन की सरकार अपने वादे से मुकर रही है। उन्होंने कहा कि चेक डैम बनाए जाने में भी भ्रष्टाचार हुआ होगा लिहाजा इसकी भी जांच कराई जानी चाहिए उन्होंने विधायक द्वारा 200 बेड के अस्पताल को अपने कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि बताए जाने के जवाब में कहा कि एनआरएचएम के तहत बनने वाले अस्पताल को जहां वे अपनी उपलब्धियां बता रहे हैं, वहीं उन्हें हल्दूचौड़ में कांग्रेस सरकार में स्वीकृत 30 बेड के अस्पताल पर कोई भी कार्य नहीं किया और जो अस्पताल 2014 में स्वीकृत हुआ था वह अब तक पूरा नहीं हुआ है। अगर यह बन गया होता तो कोरोना कॉल में लोगों को बहुत बड़ी मदद मिलती, उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन विकास कार्यों को जहां पर छोड़ गई थी भाजपा ने उन विकास कार्यों को बिल्कुल भी आगे नहीं बढ़ाया है। इतना जरूर है कि उसने कांग्रेस सरकार के शासनकाल में स्वीकृत कई विकास योजनाओं को रोक दिया है। कांग्रेश के कार्यकाल में लालकुआ वासियों को मालिकाना हक दिए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, लेकिन इस सरकार ने उस प्रक्रिया पर रोक लगा दी है।

इस दौरान पूर्व मंत्री के साथ नगर कांग्रेस अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह, चेयरमैन लालचंद सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता बीना जोशी, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमेश कबडवाल, जीवन कबडवाल, भुवन पांडे, रवि शंकर तिवारी, गुरुदयाल मेहरा, हरीश बिसोती, दीपक बत्रा, हेमंत पांडे आदि मौजूद थे।