हल्द्वानी: पिता को करंट लगा तो बचाने दौड़ी 12 वर्षीय बेटी, दोनों की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार रात हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। एसी ठीक करते समय करंट की चपेट में आए 44 वर्षीय पिता को बचाने पहुंची उनकी 12 वर्षीय बेटी भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में पिता-पुत्री दोनों की मौत हो गई।
घटना वनभूलपुरा की लाइन नंबर 16, लाल मस्जिद के पास सोमवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार 44 वर्षीय नदीम कार के गैराज में काम करते थे। सोमवार रात वह घर की छत पर एसी में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने पहुंचे थे। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गए।
नदीम की चीख सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पिता को करंट से जूझता देख उनकी 12 वर्षीय बेटी अलिस्बा उन्हें बचाने के लिए दौड़ी। बताया जा रहा है कि पिता को हाथ लगाते ही अलिस्बा भी बिजली की चपेट में आ गई।
परिजनों और आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली की आपूर्ति बंद कराई और दोनों को गंभीर हालत में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद पिता-पुत्री दोनों को मृत घोषित कर दिया।
खुले बिजली पोल से करंट फैलने की आशंका
हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। वनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल के अनुसार, पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जानकारी में पास स्थित खुले बिजली के पोल से करंट फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
पिता को बचाने की कोशिश में चली गई मासूम की जान
अलिस्बा तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और गुरु तेग बहादुर स्कूल में कक्षा छह की छात्रा थी। जिस उम्र में उसके हाथों में किताबें और स्कूल बैग होने चाहिए थे, उसी उम्र में पिता को बचाने की कोशिश करते हुए उसकी भी जान चली गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं वनभूलपुरा क्षेत्र में भी शोक की लहर है। हादसे ने घरों में बिजली उपकरणों की मरम्मत के दौरान सुरक्षा सावधानियों और खुले विद्युत तारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गांधी जयंती पर लक्ष्य संस्था ने संदीपन घाट पर चलाया स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक वेस्ट एकत्र कर दिया स्वच्छता का संदेश
हल्दूचौड़: ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान में सम्मिलित हुए सांसद अजय भट्ट
आज का राशिफल (02 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!