हल्द्वानी: स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं चोरगलिया की 3 छात्राएं लापता, एक हफ्ते बाद भी नहीं लगा सुराग
हल्द्वानी। घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं तीन छात्राएं अचानक लापता हो गईं। जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली तो मामला और चौंकाने वाला सामने आया। तीनों छात्राएं स्कूल पहुंचने के बजाय एक कार से काठगोदाम पहुंचीं और इसके बाद देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होती दिखाई दीं। चार दिन बाद भी तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
मामला लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के चोरगलिया थाना क्षेत्र का है। लापता छात्राओं में दो सगी बहनें और उनकी स्कूल में पढ़ने वाली एक अन्य किशोरी शामिल है। परिजनों के अनुसार, दोनों बहनों में बड़ी 11वीं और छोटी 10वीं कक्षा की छात्रा है। तीनों 17 सितंबर को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं।
स्कूल पहुंची ही नहीं, फिर CCTV ने खोला रास्ता
छुट्टी के बाद जब दोनों बहनें घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। स्कूल में जानकारी करने पर पता चला कि दोनों छात्राएं उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। इसी दौरान उनके साथ पढ़ने वाली 11वीं की एक अन्य छात्रा के भी लापता होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार, फुटेज में तीनों छात्राएं एक कार से काठगोदाम पहुंचती दिखाई दीं। इसके बाद वे देहरादून एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होती नजर आईं।
मोबाइल बंद, रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट
पुलिस के अनुसार, तीनों छात्राओं के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। ट्रेन जिस-जिस रेलवे स्टेशन से होकर गुजरती है, वहां के संबंधित जीआरपी थानों को सूचना भेज दी गई है। पुलिस टीमें छात्राओं की तलाश में जुटी हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि मामले में तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं और अलग-अलग स्तर पर छात्राओं की तलाश की जा रही है।
छात्राओं का सुराग नहीं मिलने पर थाने का घेराव
चार दिन बाद भी छात्राओं का पता नहीं चलने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर हंगामा किया और छात्राओं को जल्द बरामद करने की मांग उठाई।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने लोगों से बातचीत कर उन्हें अब तक की जांच और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी। फिलहाल पुलिस की टीमें छात्राओं की लोकेशन और उनके संपर्क में आए लोगों से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


नैनीताल: ज्योलीकोट में जलजनित बीमारी से युवक की मौत, परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
आज का राशिफल (24 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड पुलिस में फिर बड़ा फेरबदल, तीन CO के तबादले; जानिए किसे कहां भेजा गया
दुग्ध संघ बोर्ड बैठक में 34 प्रस्तावों पर मंथन, कई पर लगी मुहर; 76वें सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर बनी रणनीति