हल्द्वानी: स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं चोरगलिया की 3 लापता बालिकाएं हिमाचल में मिलीं, पुलिस ने परिजनों को सौंपा
हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने कई दिनों तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की और विशेष टीम को हिमाचल भेजकर तीनों को सुरक्षित वापस लाया। बेटियों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी दो पुत्रियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने स्कूल और आसपास तलाश की तो पता चला कि दोनों स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। इसी दौरान उनके साथ एक अन्य बालिका के भी जाने की जानकारी सामने आई। तीनों में दो नाबालिग और एक बालिग हैं।
मामले में थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल जिले के सभी थानों और DCRB नैनीताल को सूचना भेजी। RT सेट और सोशल मीडिया के जरिए भी सूचना प्रसारित की गई।
CCTV खंगालते-खंगालते हिमाचल तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने विशेष टीम गठित कर तीनों की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की।
पुलिस ने चोरगलिया से हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर समेत कई स्थानों के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी और सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।
बद्दी में मिली लोकेशन, टीम ने पहुंचकर किया बरामद
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को तीनों की लोकेशन हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र में मिली। इसके बाद विशेष पुलिस टीम हिमाचल पहुंची और 24 सितंबर 2026 को तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर गई थीं। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई है।
बरामदगी के बाद पुलिस ने तीनों की काउंसलिंग की। नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटियों के घर लौटने से परिजनों के चेहरे खिले
कई दिनों से बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों को जब तीनों के सकुशल बरामद होने की सूचना मिली तो उनकी चिंता खुशी में बदल गई। बेटियों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों के लिए आभार जताया।
बरामदगी करने वाली टीम में–
थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा, उपनिरीक्षक गौरव जोशी, अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा और महिला कांस्टेबल सुमन राणा शामिल रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट: इन 5 जिलों में कल स्कूल रहेंगे बंद; नैनीताल-हल्द्वानी समेत इन इलाकों में बढ़ेगा असर
नैनीताल: जिले में कल स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद, भारी बारिश के रेड अलर्ट के बाद DM ने जारी किया आदेश
उत्तराखंड SIR में 95 हजार वोटरों का मामला, Form-7 हुए ऑटो-जेनरेट; जानिए अब क्या करना होगा
उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, 27 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट; इन जिलों में बढ़ेगा खतरा