हल्द्वानी: यहां टैंकर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दारोगा पुत्र की मौत, बेटे के गम में मां ने खाया जहर

हल्द्वानी। यहां स्कालर एकेडमी देवगंगा विहार के पास कल एक दर्दनाक हादसे में एक 16 वर्षीय किशोर की जान चली गई। बेटे की मौत से सदमे में आई मां ने जहर खा लिया। हालत नाजुक होने पर उन्हें अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उन्हें आइसीयू में रखा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार हीरानगर निवासी दीवान सिंह जलाल चम्पावत जिले के बूम चौकी इंचार्ज हैं। प्रधानमंत्री की रैली की ड्यूटी के लिए वह एक दिन पहले ही हल्द्वानी आए थे। शुक्रवार को उनका 16 वर्षीय बेटा सागर सिंह जलाल हाकी की प्रैक्टिस कर घर लौट रहा था। स्कालर एकेडमी देवगंगा विहार के पास पानी का टैंकर लेकर आ रहे चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। वहीं, घायल सागर को इलाज के लिए एसटीएच लाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि मृतक भीमताल से बीटेक कर रहा था। वह हाकी का राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी था। कुछ दिन पहले ही सागर राज्य स्तरीय जूनियर हाकी प्रतियोगिता खेलकर लौटा था। इधर, शाम साढ़े सात बजे बेटे की मौत की खबर सुनकर मां मुन्नी जलाल बेसुध हो गई। जब होश में आई तो बेटे को खोने के वियोग में कीटनाशक गटक लिया। उन्हें विवेकानंद अस्पताल की आइसीयू में रखा गया है। सीओ धौनी ने बताया कि सागर का शव मोर्चरी में रख दिया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।