लालकुआं: हाईवे पर फिर रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत; 4 दिन में चौथी मौत
लालकुआं। हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वीआईपी गेट के पास रेलवे पुल के नीचे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बेरीपड़ाव निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार रविवार को अपनी स्कूटी से पंतनगर में आयोजित किसान मेले में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह वीआईपी गेट के पास रेलवे पुल के नीचे हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आनंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
राहगीरों की सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की पहचान के लिए हाईवे व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
चार दिन में चौथा हादसा, चार लोगों की मौत
हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि बीते चार दिनों में यह चौथा हादसा है, जिसमें चार लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने वीआईपी गेट रेलवे पुल के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने में जुटी है। वाहन की पहचान और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: धामी कैबिनेट के बड़े फैसले, लालकुआं की जमीन से लेकर युवाओं की स्किलिंग तक इन प्रस्तावों पर लगी मुहर, पढ़ें विस्तार से….
उत्तराखंड: आज यहां होने जा रही है धामी कैबिनेट की बैठक, किन फैसलों पर लगेगी मुहर? टिकी सबकी नजर