हल्द्वानी में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 50 इंजेक्शनों के साथ चार आरोपी दबोचे

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बनभूलपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नशीले इंजेक्शनों की तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 25 नशीले इंजेक्शन और 25 एविल इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फरत्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 9 अगस्त 2026 को गौला रोखड़, जवाहर नगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान चार लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ चांद, निवासी लाइन नंबर 17 बनभूलपुरा, जुबैर खान, मो. जावेद और फरमान अली, निवासी गफूर बस्ती के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 25 B-GESIC (Buprenorphine Hydrochloride Injection) और 25 Avil (Pheniramine Maleate Injection) बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर कोतवाली बनभूलपुरा में FIR संख्या 130/2026 दर्ज करते हुए धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

तीन आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में जुबैर खान के खिलाफ वर्ष 2024 और 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। वहीं मो. जावेद के खिलाफ वर्ष 2020 और 2026 में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज बताए गए हैं।

इसी तरह फरमान अली के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं समीर उर्फ चांद के खिलाफ बनभूलपुरा थाने में आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में पूर्व में मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल महबूब अली और कांस्टेबल शिवम कुमार शामिल रहे।