उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा! चलती बोलेरो पर पहाड़ से गिरा विशाल बोल्डर, एक की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल
उत्तराखंड में पहाड़ी मार्ग एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। पौड़ी गढ़वाल जिले के सतपुली के पास चलती बोलेरो (मैक्स) वाहन पर अचानक पहाड़ से विशाल बोल्डर गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जिला नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली की टीम सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
बताया गया कि वाहन में तीन लोग सवार थे, जो दिल्ली से मां धारी देवी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी सतपुली से लगभग चार किलोमीटर आगे पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर वाहन पर आ गिरा और पूरी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में 45 वर्षीय श्रीकांत, मूल निवासी केरल (वर्तमान निवासी दिल्ली), की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन चालक सरनजीत (61 वर्ष) निवासी जहांगीरपुरी, दिल्ली और उदय (40 वर्ष), मूल निवासी पश्चिम बंगाल (वर्तमान निवासी दिल्ली), गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर घायलों और मृतक को बाहर निकाला। दोनों घायलों को तत्काल हंस फाउंडेशन अस्पताल, सतपुली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम की वैधानिक कार्रवाई के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


अल्मोड़ा: निःशुल्क स्वास्थ्य, योग एवं ध्यान शिविर का सफल आयोजन
लालकुआं: 41 साल बाद बदली सेंचुरी मिल की पहचान, ITC ने संभाली कमान; 8 हजार कर्मचारियों के लिए नए दौर की शुरुआत
आज का राशिफल (02 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!