Uttarakhand craim : पिता ही निकला बेटी का कातिल! दोस्त के साथ मिलकर हत्या, गंगनहर में फेंका शव
हरिद्वार। मंगलौर क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए किशोरी के पिता और उसके एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पिता को बेटी के किसी व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात से नाराज होकर उसने कथित तौर पर अपने दोस्त के साथ मिलकर किशोरी की हत्या कर दी और शव को गंगनहर में फेंक दिया। हालांकि, अब तक किशोरी का शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस की टीमें गंगनहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
21 अगस्त को मां ने दर्ज कराई थी शिकायत
पुलिस के मुताबिक, किशोरी की मां ने 21 अगस्त को मंगलौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसका पति और एक अन्य व्यक्ति उसकी बेटी को घर से अपने साथ लेकर गए थे, लेकिन इसके बाद किशोरी वापस नहीं लौटी।
जब मां ने दोनों से बेटी के बारे में जानकारी मांगी तो कथित तौर पर उसके साथ अभद्रता की गई और धमकी भी दी गई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और परिजनों समेत घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आई हत्या की कहानी
जांच के दौरान पुलिस का शक किशोरी के पिता और उसके दोस्त पर गहराता गया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पिता ने कथित तौर पर बताया कि उसे अपनी 13 वर्षीय बेटी के किसी व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर वह उससे नाराज था। आरोप है कि इसी नाराजगी में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर बेटी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई को पिता अपनी बेटी को बाइक पर बैठाकर दोस्त के साथ माता मंदिर के पास स्थित पुल पर ले गया। वहां कथित तौर पर कपड़े से गला घोंटकर किशोरी की हत्या की गई और इसके बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया गया।
गंगनहर में शव की तलाश जारी
मामले में पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती किशोरी का शव बरामद करना है। पुलिस टीम गंगनहर में संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है। शव मिलने के बाद घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि होने की उम्मीद है।
तमंचा और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
आरोपी पिता का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ मंगलौर और रुड़की कोतवाली में मारपीट, धमकी, चोरी, आबकारी अधिनियम और शस्त्र अधिनियम से जुड़े कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। किशोरी के शव की तलाश के लिए गंगनहर में सर्च अभियान जारी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 65.40 लाख की 218.04 ग्राम स्मैक बरामद,…दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी: महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, 17 दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण पूरा; सुनीति भट्ट ने बांटे प्रमाण-पत्र
लालकुआं: दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 30 करोड़ रुपये मंजूर; 34 हजार परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ
नैनीताल पुलिस में बड़ा फेरबदल: चार DSP के बदले कार्यक्षेत्र, रविकान्त सेमवाल रामनगर तो लव शर्मा बने हल्द्वानी CO
आज का राशिफल (07 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!