पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट चार की मौत, कई लोग हुए घायल, मचा हड़कंप

उत्तरप्रदेश/शामली। जनपद के कैराना में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं। कुछ लोग अभी मलबे में दबे हुए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। इस फैक्ट्री में करीब 25 लोग काम करते थे लेकिन शुक्रवार होने की वजह से आज 11 लोग ही काम पर आए थे।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में काम करने वाले अधिकतर लोग बहराइच के थे। स्थानीय लोग इन्हें निकालने में जुटे हुए हैं। कैराना कस्बे में रजवाहे के किनारे पर एक आचार फैक्ट्री थी। जहां शुक्रवार करीब पांच बजे भीषण विस्फोट हुआ तो लोग मौके की ओर दौड़े। वहां देखा तो मलबा बिखरा पड़ा था। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए अस्पताल में भेजा जहां उसकी भी मौत हो गयी। डीएम शामली जसजीत कौर व एसपी शामली सुकीर्ति माधव घटना स्थल पर पहुंचे। पहुंचकर हादसे के विषय में जानकारी जुटाई।
पटाखा फैक्ट्री यहां कैसे और कब से चल रही थी। इस बारे में अभी कोई भी बोलने को तैयार नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से फैक्ट्री चलाई जा रही है। विस्फोट होते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और राहत कार्य में लगे हैं। फिलहाल जांच पड़ताल जारी है।