पति ने कुल्हाड़ी से गर्दन काट नवविवाहित पत्नी को मौत के घाट उतारा, 3 महीने पहले हुई थी शादी

ख़बर शेयर करें 👉

नोएडा। ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र स्थित घरबरा गांव में पति के अवैध संबंध का विरोध करना पत्नी को भारी पड़ गया। आरोपित पति ने शनिवार आधी रात एक बजे के करीब कुल्हाड़ी से गला काटकर पत्नी की हत्या कर दी।

जिंदा होने के शक में हथौड़ी से सिर पर भी कई वार किए गए। आरोप है कि विवाहिता की हत्या करने में ससुराल पक्ष के अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मामले में अवैध संबंध के अलावा पीडि़त पक्ष ने अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पांच महीने पहले ही महिला की शादी हुई थी।

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 36 में रहने वाली काजल की शादी मार्च में इसी वर्ष घरबरा गांव के रहने वाले रवि से हुई थी। रवि फैक्ट्री में कैंटीन चलाता है। आरोप है कि शनिवार आधी रात काजल के पति और दो जेठानी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित ने कुल्हाड़ी से पांच और हथौड़ी से 11 वार किए। काजल को शक था कि उसके पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध है। विवाहिता ने इसका विरोध किया। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और नकदी की भी मांग कर रहे थे।

पति की हरकतों से परेशान काजल जून में सेक्टर 36 स्थित अपने मायके चली गई थी। एक सप्ताह पहले रवि वहां पहुंचा और झूठी कसम खाकर उसे अपने साथ ले आया था। रवि ने यह कहा था कि पत्नी के जाने के बाद से उसे घर में रोटी नहीं मिल रही है।

पति के झूठे दर्द को असली समझकर काजल उसके साथ ससुराल आ गई। उसको क्या पता था कि एक सप्ताह बाद ही उसकी हत्या कर दी जाएगी।

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी विशाल पांडेय ने बताया कि पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।