उत्तराखंड: चमोली में अचानक आया जलसैलाब, वैली ब्रिज और वाहन बहा; BRO ऑपरेटर के लापता होने की सूचना, रेस्क्यू टीमें रवाना
चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी चमोली जिले की नीति घाटी में तमक नाले ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक आए जलसैलाब में तमक नाले पर बना वैली ब्रिज बह गया। इसके साथ ही एक पिकअप/कैंपर वाहन के भी तेज बहाव में बहने की सूचना है। वहीं, बीआरओ के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना सामने आई है।
बताया जा रहा है कि 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा की ओर से निर्मित वैली ब्रिज अचानक बढ़े पानी और मलबे की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में तेज बहाव पुल को अपने साथ बहा ले गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद वाहनों और मशीनों पर भी खतरा मंडराने लगा। सामने आए वीडियो में एक वाहन तेज बहाव में बहता दिखाई दे रहा है, जबकि सड़क पर पोकलैंड मशीन भी पानी के बीच फंसी नजर आ रही है।
तीन बार हुई अतिवृष्टि, अचानक बढ़ा नाले का जलस्तर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तमक क्षेत्र में लगातार अतिवृष्टि के बाद नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी और मलबे का बहाव इतना तेज था कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते नाले ने आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
पुल के बह जाने से नीति घाटी की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके चलते क्षेत्र का सड़क संपर्क भी बाधित हो गया है।
BRO ऑपरेटर के लापता होने की सूचना
ज्योतिर्मठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी बीआरओ के मेजर से फोन पर बातचीत हुई है। मेजर की ओर से एक ऑपरेटर के लापता होने की जानकारी दी गई है।
एसडीएम के अनुसार ऑपरेटर मशीन चला रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश और पानी का बहाव बढ़ गया, जिसके बाद उसका पता नहीं चल पाया। आशंका जताई जा रही है कि वह तेज बहाव में बह गया हो। हालांकि, उसकी वास्तविक स्थिति रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुंचने और खोजबीन के बाद ही स्पष्ट होगी।
वहीं, चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के अनुसार एक ब्रिज, एक वाहन, एक ट्रक और हवलदार रैंक के एक कर्मचारी के बहने की सूचना मिली है। अन्य कर्मचारियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
SDRF-NDRF समेत राहत टीमें रवाना
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं।
रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगी और लापता ऑपरेटर की तलाश के साथ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान शुरू करेंगी।
अलकनंदा का जलस्तर बढ़ा, लोगों को सतर्क रहने की अपील
नीति घाटी में भारी बारिश के बाद अलकनंदा नदी का जलस्तर भी बढ़ने की सूचना है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और सड़क मार्ग की स्थिति स्पष्ट होने तक नीति घाटी की ओर जाने से बचें। लोगों को नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह का जोखिम न लेने की सलाह दी गई है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र में राहत-बचाव कार्य शुरू करने और लापता कर्मचारी की तलाश करना है। घटना के बाद नीति घाटी क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 50 इंजेक्शनों के साथ चार आरोपी दबोचे
आज का राशिफल (10 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!