उत्तराखंड में फिर बदला मौसम का मिजाज, 27 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट; इन जिलों में बढ़ेगा खतरा

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मानसून की विदाई से पहले उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। प्रदेश में कुछ दिनों की शुष्कता के बाद बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 से 27 सितंबर तक बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। 26 सितंबर को उत्तराखंड में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

आज इन जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
25 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

26 सितंबर को बढ़ेगी बारिश की तीव्रता
मौसम विभाग के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के आसार हैं। IMD के राज्य स्तरीय अलर्ट में इस दिन उत्तराखंड के लिए अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दर्ज की गई है।

27 सितंबर को इन जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना
27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।