देहरादून में भीषण हादसा: बेकाबू ट्रक की टक्कर से पोल और कार के बीच फंसी गाड़ी, दो की दर्दनाक मौत
देहरादून। सोमवार सुबह देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लच्छीवाला टोल प्लाजा के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक (UK 18 CA 6636) ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और तीन वाहनों को टक्कर मारते हुए टोल प्लाजा के पोल से जा टकराया। इस दौरान एक कार (UK 07 AF 2506) ट्रक और पोल के बीच बुरी तरह फंस गई, जिससे कार पूरी तरह पिचक गई और उसमें सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि कार के अंदर बैठे लोग निकालने लायक भी नहीं बचे थे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया।
हादसे में मारे गए लोगों में से एक की पहचान रतनमणि उनियाल, निवासी इंद्रप्रस्थ एनक्लेव, रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक के पास से पंकज कुमार पुत्र किशोरी लाल पवार के नाम का पहचान पत्र मिला है। पुलिस उनके परिजनों को सूचित कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि टोल प्लाजा पर वाहनों की सही तरीके से जांच और नियंत्रण नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, और उनके आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक के मालिक व वाहन की फिटनेस को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
उत्तराखंड में कल भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; प्रशासन ने जारी की चेतावनी
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत